भीड़ को कंट्रोल करने के लिए बावड़िया और हबीबगंज ओवरब्रिज को बंद किया, मस्जिदें सैनिटाइज, जमातियों को क्वारैंटाइन किया

 कोरोना के नए मरीज मिलने के बाद शहर में सख्ती बढ़ती जा रही है। हबीबगंज और बावड़िया कला ओवरब्रिज (आरओबी) दोनों से ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। दोनों ब्रिज पर शनिवार दोपहर बैरिकेड लगा दिए गए। इन ब्रिज पर रोजाना लग रही भीड़ को कंट्रोल करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। आईएएस जे विजय कुमार के कोरोना पॉजिटिव होने से गुलमोहर क्षेत्र को कैंटोनमटेड एरिया घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोकने के लिए भी बावड़िया ब्रिज पर बैरिकेडिंग जरूरी हो गई थी। साथ ही जमातियों को क्वारैंटाइन करने के बाद मस्जिदों को सैनिटाइज करने का काम शुरू हो गया है। नगर निगम आज चार इमली, ऐशबाग और त्रिलंगा, जहांगीराबाद और शिवाजी नगर को सैनिटाइट करेगा।


रात दो बजे तक खुली रही करौंद मंडी, आज से भी मंडी बंद 


इधर, करौंद में एक सब्जी व्यापारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन ने आज से भोपाल की सारी मंडियों को बंद करने का आदेश जारी किया है। यहां पर अब सब्जी की खरीद-बिक्री नहीं होगी। जिन लोगों ने पहले से सब्जियां खरीद ली हैं, वही सब्जी की दुकान लगा सकेंगे। इसके बाद भी शनिवार को रात दो बजे तक करौंद मंडी खुली हुई थी। असल में, यहां पर किसान अपनी सब्जियां लेकर पहुंच गए, जिससे रात दो बजे ही बोली लगाई गई और खरीद-बिक्री कराई गई। वहीं, शनिवार को जांच के लिए भेजे गए 126 सैंपल में 11 रिपोर्ट शाम को आईं, जिसमें तीन पॉजिटिव आए थे। इसमें स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल और स्वास्थ्य विभाग की एडिशनल डायरेक्टर डॉ. वीणा सिन्हा शामिल थीं। इसके अलावा सुबह आईं रिपोर्ट में कोरोना कोर ग्रुप के 12 आईएएस अफसरों में से 11 की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।